
छतरपुर। दंगा और हत्या का प्रयास करने के मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार के इनामी बदमाश को बमीठा थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने की कार्यवाही की गई है। थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने बताया कि 28 मई 2021 को पकड़े गए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लॉकडाउन का पालन करा रहे एफआरबी के आरक्षक और वाहन चालक को जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले को लेकर बमीठा थाना में धारा 147, 148, 307, 353, 332, 186, 324, 294, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। मामले के 8 आरोपियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है। पकड़े गए 25 वर्षीय आरोपी निवासी ग्राम झमटुली की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी के अलावा उपनिरीक्षक हरदेव सिंह, प्रधान आरक्षक हरिराम, जयराम अहिरवार, आरक्षक नवीन चौरसिया, रामबहादुर, कमल सिंह, महिला आरक्षक सपना, ज्योति एवं चालक प्रधान आरक्षक नसीम की अहम भूमिका रही।








