
छतरपुर। जिला अस्पताल परिसर से कॉलेज के वाहन द्वारा शव ढोए जाने का एक वीडियो सामने आया है। बताया गया है कि शहर के एक निजी फार्मेसी कॉलेज के छात्र-छात्राओं को घर से कॉलेज लाने के लिए जिस टाटा मैजिक वाहन का प्रयोग किया जाता है उसी वाहन से जिला अस्पताल परिसर से शव ले जाया जा रहा था। इसी दौरान किसी ने वाहन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो कि अब चर्चा का विषय बना हुआ है। उक्त वाहन का चालक इकराम खान है, जिसके द्वारा कहा गया है कि शव ढोने में न तो कॉलेज के संचालक को कोई आपत्ति है और न ही कॉलेज के विद्यार्थियों को। इकराम ने यह भी कहा कि यह काम वह पिछले 45 सालों से कर रहा है। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पहले इकराम खान का एक और वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें उसके द्वारा जिला अस्पताल परिसर में शराब का सेवन किया जा रहा था।







