
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शन
भगवां/रामटौरिया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाने वाले प्रो. शिवदयाल सिंह दयाल साहब की स्मृति में उनके जन्मदिन 7 जनवरी को स्वामी ब्रह्मानंद बौद्धिक कैरियर मार्गदर्शन एवं सम्मान समारोह का आयोजन भगवां के एक विवाहघर में लक्ष्य अकादमी कोचिंग भगवां के संचालक खलक सिंह लोधी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मार्गदर्शक वरिष्ठ आईएएस एनबीएस राजपूत संयुक्त सचिव भारत सरकार रहे। विशिष्ट अतिथियों में क्षेत्रीय विधायक रामसिया भारती, आईएएस शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर संदीप जी आर, जिला पंचायत सीईओ तपस्या सिंह परिहार और पुलिस अधीक्षक अमित सांघी शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री राजपूत ने कहा कि छात्र आज ही तय कर लें कि उन्हें आगे क्या करना है, क्योंकि सफलता पाने के लिए लक्ष्य निर्धारित होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाईल फोन से दूर रहने कि नसीहत भी दी। क्षेत्रीय विधायक रामसिया भारती ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनायें दीं। आईएएस शीलेन्द्र सिंह ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि बच्चे अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरे मनोयोग से पढ़ाई करें और बच्चों के अभिभावक उन्हें पढ़ाई के लिए हमेशा प्रोत्साहित करें। सागर के सरस्वती कोचिंग संचालक व लोधी समाज के जिलाध्यक्ष डॉ. रामस्वरूप राजपूत नें विद्यार्थियों को नीट, जेईई सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने का मंत्र बताया। अंत में क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन मंजू राजा ने किया।







