
छतरपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के क्षेत्रीय निदेशालय दिल्ली द्वारा 27वां राष्ट्रीय युवा महोत्सव 12 से 16 जनवरी तक महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए महाराजा छत्रसाल बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय छतरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की स्वयंसेवक सौरभ दुबे का चयन किया गया है। वे राष्ट्रीय युवा महोत्सव में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उल्लेखनीय है कि सौरभ अपनी शिक्षा के साथ-साथ शिक्षा, जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, बाल संरक्षण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उनकी सक्रियता को देखते हुए उनका चयन किया गया है। उनके चयन पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शुभा तिवारी और विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ. डीपी कुशवाहा, प्रो. डॉ. योगेश चतुर्वेदी एवं कार्यक्रम अधिकारी ने बधाई दी है।








