
छतरपुर। किशनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीगढ़ में एक युवक के साथ गाली-गलौज एवं धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घायल युवक के परिजन पहले उसे बिजावर के अस्पताल ले गए थे जहां प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायल युवक कुंजी पुत्र दरूआ अहिरवार उम्र 44 निवासी मोतीगढ़ ने बताया कि उसका पड़ोसी बलकू अहिरवार बिना किसी बात के उसकी मां के साथ गाली-गलौज कर रहा था। जब कुंजी अहिरवार ने बलकू को रोका तो बलकू ने लोहे के धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। उक्त हथियार कुंजी के सिर में लगा जिस कारण से वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद कुंजी के परिजन उसे एंबुलेंस से बिजावर ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल जिला अस्पताल में ही कुंजी का इलाज किया जा रहा है।







