
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
छतरपुर। बुधवार की दोपहर में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड परिसर पर एक युवक के साथ करीब आधा दर्जन लोगों ने मारपीट कर दी। मामला पुरानी रंजिश का बताया गया है। पीडि़त युवक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की है। वहीं दूसरी ओर घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो कि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।घायल युवक खालिक खान निवासी रानीतलैया वार्ड नंबर 26 छतरपुर ने बताया कि वह बस स्टैंड पर स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने के लिए गया तभी वहां आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने वाला तारिक, इंतियाज, मेहफुज, मकबूल और शनी पहुंचा और बिना किसी बात के गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। खालिक के मुताबिक उक्त लोगों ने मिलकर उसके साथ लोहे की किसी धातु से मारपीट की है। उसके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद खालिक ने कोतवाली थाने जाकर रिपोर्ट लिखाई। पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 294, 506, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। वहीं बस स्टैंड पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना कैद हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।








