नौगांव। बुंदेलखंड के नौगांव में 122 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक श्रीरामलीला के तहत मंगलवार दोपहर रामलीला मंच से भगवान श्रीराम की भव्य बरात निकाली गई। इस शोभायात्रा में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के सजीव स्वरूपों के साथ-साथ त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु, महेश और अन्य देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां शामिल रहीं। सुसज्जित बग्गियों, घोड़ों और मधुर भजनों की धुन बजाते बैंड-बाजों ने बरात का आकर्षण कई गुना बढ़ा दिया।
नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी बरात, श्रद्धालुओं ने किया स्वागत
श्रीराम बरात रामलीला मंच से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख स्थलों—सैयद ब्रदर्स तिराहा, मौलवी साहब की मजार, मेन मार्केट, मस्जिद तिराहा, देवी मंदिर, वीरेंद्र कॉलोनी चौराहा, टीबी अस्पताल, गणेश मंदिर चौराहा, नगर पालिका, भट्ट बंगला तिराहा और पुराने सिविल अस्पताल तिराहा से होते हुए वापस मंच पर पहुंची। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर बरात का अभिनंदन किया, जिससे पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
नौगांव की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक
122 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही यह श्रीरामलीला नौगांव की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। श्रीराम बरात के इस आयोजन में सामाजिक सौहार्द और अपार जन-सहभागिता का अनुपम दृश्य देखने को मिला, जहां हर वर्ग के लोगों ने भक्तिभाव से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
आज मंचित होगी प्रभु श्रीराम के वनवास की भावुक लीला
श्रीरामलीला समिति के प्रतिनिधि पुलकित श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को मंच पर प्रभु श्रीराम के वनवास की लीला का भावपूर्ण मंचन किया जाएगा। इसमें पिता के वचनों को निभाते हुए श्रीराम का राजपाट त्यागकर माता सीता और लक्ष्मण के साथ वन जाने तथा अयोध्यावासियों के शोक के प्रसंग दिखाए जाएंगे। समिति ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से सह-परिवार उपस्थित होकर लीला का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।









