छतरपुर। थाना अंतर्गत गढ़ीमलहरा निवासी 50 वर्षीय विजय अहिरवार पिता पुतैया अहिरवार ने मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे घर पर अकेला पाकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के समय उनके बच्चे स्कूल गए हुए थे और पत्नी मजदूरी करने गई थी। जब एक बच्चा घर लौटा, तो उसने पड़ोसी की मदद से गंभीर हालत में पिता को गढ़ीमलहरा के अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया, जहां से हालत नाजुक होने पर ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया लेकिन ग्वालियर ले जाने से पहले ही उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, और बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के बेटे आशिक अहिरवार के अनुसार, उनके पिता नगर के अमित चौरसिया उर्फ अमित दिवाले वाले के यहां पिछले पांच साल से मजदूरी कर रहे थे। आरोप है कि मालिक द्वारा बकाया वेतन नहीं दिया जा रहा था और बड़ी बेटी की शादी के लिए तय राशि मांगने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। परिजनों का यह भी आरोप है कि गंभीर हालत के बावजूद समय पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे काफी समय बर्बाद हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।









