छतरपुर। छतरपुर रेंज के अंतर्गत विभिन्न जिलों में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की कार्रवाई शुक्रवार 12 सितंबर को जेके सीमेंट फैक्ट्री, जिला पन्ना में संपन्न हुई। ड्रग विनष्टीकरण नियमों के अनुसार यह कार्रवाई छतरपुर रेंज ड्रग विनष्टीकरण समिति की निगरानी में की गई।
विनष्टीकरण के दौरान छतरपुर रेंज के चार जिलों के कुल 28 प्रकरणों में जब्त 390 किलोग्राम अफीम के पौधे और 171 किलोग्राम से अधिक गांजा नष्ट किया गया। इनमें जिला छतरपुर के 17, टीकमगढ़ के 7, पन्ना के 3 और निवाड़ी जिले का 1 प्रकरण शामिल है।
कार्रवाई के दौरान छतरपुर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक एवं ड्रग विनष्टीकरण समिति के अध्यक्ष विजय कुमार खत्री, समिति के सदस्य एवं छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सागर के अधिकारी तथा पुलिस बल के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अवैध मादक पदार्थों का विनष्टीकरण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सागर, पुलिस अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान पर्यावरणीय दिशा-निर्देशों और निर्धारित सुरक्षा सावधानियों का पालन सुनिश्चित किया गया।









