
छतरपुर। नगर पालिका परिषद छतरपुर की परिषदीय बैठक में नपा का आगामी बजट रखा गया। 6 करोड़ के फायदे के इस बजट को सर्वसम्मति से पास किया गया। बजट के माध्यम से नगर के सभी 40 वार्डों में लाखों के कार्य किए जाने का मसौदा तैयार किया गया है। क्षेत्रीय विधायक ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि इस बजट से विकास को चार चांद लगेंगे।जानकारी के मुताबिक मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा ने नपा की परिषदीय बैठक में 370 करोड़ का बजट प्रस्तुत किया। इस बजट में 363 करोड़ रूपए खर्च किए जाने का अनुमान लगाया गया है। आय और व्यय के आंकड़े को ध्यान में रखें तो यह बजट 6 करोड़ रूपए फायदे का है। सीएमओ माधुरी शर्मा ने बताया कि बजट में सड़क, नाली निर्माण के साथ-साथ सड़कों के चौड़ीकरण, तालाबों के सौंदर्यीकरण, महिलाओं के लिए विशेष स्थान, बच्चों को पार्क बनाने एवं फुटपाथ आदि तैयार करने का प्रावधान रखा गया है। आईएसबीटी बस स्टेण्ड के लिए 100 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव पास होते ही इस पर काम शुरू होगा। विधायक ललिता यादव ने कहा कि नगर पालिका के बजट से नगर के तमाम विकास कार्य होंगे। यह बजट स्वागत योग्य है। नपाध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने कहा कि सभी की सहमति से विकास के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर बजट तैयार किया गया है। निश्चित रूप से इस बजट से शहर का विकास होगा। पार्षद शिव सिंह यादव ने कहा कि सभी वार्डों में विकास की चर्चा हुई है लेकिन यदि हर वार्ड की एक गली के अलावा अन्य गलियां भी सजाई जाएं तो और बेहतर होगा।








