छतरपुर। बसों के किराए में हुई बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने डाकखाना चौराहा और चौबे तिराहा पर नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इसके बाद छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बढ़ा हुआ बस किराया वापस लेने की मांग की।
छात्रों का कहना है कि किराया बढऩे से ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। छात्रों के अनुसार, पहले जिस सफर के लिए करीब 50 रुपये किराया लिया जाता था, अब कई मार्गों पर 100 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इससे रोजाना कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जिला प्रशासन होश में आओ सहित कई नारे लगाए। छात्रों ने कहा कि उनके परिवारों में अधिकांश अभिभावक किसान या मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में किराए में बढ़ोतरी से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने सरकार और जिला प्रशासन से बस किराया पूर्ववत करने की मांग की है।









