छतरपुर। जिला मुख्यालय में युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़ी मेमारू निवासी घूराम अहिरवार ने एसपी छतरपुर को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक उनका बेटा महेश अहिरवार अपनी पत्नी इमरती के साथ चन्द्रपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। 14 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे उसकी पत्नी मायके ग्राम बानौता गई हुई थी और महेश घर में अकेला था। इसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक के पिता का आरोप है कि वैवाहिक विवाद और प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले के चलते कुछ लोगों ने साजिश रचकर महेश की हत्या की और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया। परिजनों ने पुलिस से संदेहियों से पूछताछ, कॉल डिटेल और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जांच कराने की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत को जांच में लिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।









