
छतरपुर। कोतवाली पुलिस द्वारा गत मार्च के महीने में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया था, जबकि दूसरा आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, जिसके चलते गुरूवार को पुलिस ने गांजा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर ने बताया कि मार्च माह में करीब डेढ़ किलो गांजा के साथ मौसम खान उम्र 22 वर्ष निवासी टौरिया मोहल्ला को गिरफ्तार किया था। इस कृत्य में मौसम का पिता महबूब खान भी शामिल था, जो फरार हो गया था। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था और फरारा महबूब की तलाश शुरु की गई थी। लंबी तलाश के बाद पुलिस ने महबूब खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि महबूब खान एक आदतन अपराधी है, उसके विरुद्ध छेड़छाड़, अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब सहित कुल 7 अपराध पहले से दर्ज हैं।









