Home डेली न्यूज़ छतरपुर में स्कूल बच्चे के कथित अपहरण और फिरौती की मांग का...

छतरपुर में स्कूल बच्चे के कथित अपहरण और फिरौती की मांग का वीडियो वायरल, इलाके में सनसनी

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक स्कूल जाने वाले नाबालिग बच्चे के कथित अपहरण और उसके परिजनों से 3 से 4 लाख रुपये की फिरौती मांगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस वीडियो में बच्चे को धमकाते हुए कथित तौर पर किडनी बेचने और फिरौती की रकम की बात कही जा रही है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ गई है।
वीडियो सामने आने के बाद जानकारी मिली है कि जिस इंस्टाग्राम आईडी से यह क्लिप पोस्ट की गई, उससे जुड़े युवक छतरपुर की चौबे कॉलोनी में कोचिंग पढऩे आते हैं। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिख रहे बच्चे की सही पहचान और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियां अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हुई हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नाबालिग बच्चे ने खुद पुलिस को बताया कि दो दिन पहले वह कोचिंग गया था। छुट्टी होने के बाद तीन लड़के फोर व्हीलर गाड़ी लेकर आए। उन्होंने बच्चे को गाड़ी में बैठा लिया और तेज आवाज में साउंड बजा दिया। इसके बाद उन्होंने धमकी दी कि तुम्हारी किडनी निकालकर बेचेंगे। बच्चे के अनुसार तीनों लड़के उसी मोहल्ले के हैं—दानिश, आसिफ और एक अन्य। बच्चे ने एक बाइक वाले को हाथ दिखाया तो उसने गाड़ी रुकवाई और कार वालों से कहा कि बच्चे को वहीं छोड़ दो। इसके बाद तीनों ने बच्चे को पन्ना नाका पर छोड़ दिया। आज बच्चा अपनी मां के साथ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा।
नाबालिग की मां जूली खातून (निवासी मुस्तकीन मोहल्ला) ने बताया कि उनका बेटा 13 साल का है। दो दिन पहले वह राजेन्द्र सर की कोचिंग में पढऩे गया था। कोचिंग के बाहर इंतजार कर रहा था तभी तीन व्यक्ति आए और बोतल उठाने के बहाने उसे गाड़ी में बैठा लिया। जब बच्चे ने उतारने को कहा तो उन्होंने जवाब दिया—उतारने के लिए नहीं बैठाया है, अब तुम चलो, तुम्हारी किडनी निकालेंगे। इसके बाद वे उसे पन्ना नाके पर ले गए और वहां उसका वीडियो बना लिया। पूरी जानकारी मिलने के बाद शनिवार को मां-बेटा थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।
इस पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है। वायरल वीडियो और बच्चे-मां के बयान के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here