Home डेली न्यूज़ राजनगर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, बच्चों से भरे ऑटो से...

राजनगर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, बच्चों से भरे ऑटो से टकराया तार, चार को लगे करंट के झटके

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के पाय गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूल जा रहे बच्चों से भरे ऑटो के बिजली के तार के संपर्क में आने से बच्चों को करंट के झटके लग गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार ऑटो में सीएम राइज स्कूल के बच्चे सवार होकर स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान पाय गांव में बिजली का तार ऑटो से टकरा गया, जिससे ऑटो में सवार बच्चों को करंट के झटके लगे। घटना में चार बच्चों के हाथों पर करंट लगने के निशान बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद परिजन बच्चों को तत्काल राजनगर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि पाय गांव में बिजली का तार टूटने की सूचना पहले ही बिजली विभाग को दे दी गई थी, लेकिन विभाग द्वारा समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। यदि शिकायत मिलने के बाद तार को दुरुस्त कर दिया जाता तो बच्चों की जान जोखिम में नहीं पड़ती।
घटना से नाराज अभिभावक बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। अभिभावकों ने मामले में जिम्मेदार संबंधित इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बच्चों से भरे ऑटो के बिजली तार की चपेट में आने की घटना ने क्षेत्र में विद्युत लाइनों के रखरखाव और शिकायतों पर विभाग की तत्परता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल राहत की बात यह है कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं अभिभावकों ने मांग की है कि मामले की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here