छतरपुर। बिजावर तहसील अंतर्गत ग्राम उदयपुरा के ग्रामीणों ने कांग्रेस नेता संतोष तिवारी के नेतृत्व में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एक आवेदन सौंपा। आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की पेड़ों से आच्छादित शासकीय पहाड़ी भूमि पर बिना ग्राम सभा की बैठक आयोजित किए सरपंच द्वारा आबादी बसाहट का प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित प्रस्ताव ग्राम सभा की सहमति और नियमानुसार प्रक्रिया का पालन किए बिना बनाया गया है, जिससे गांव की हरित पहाड़ी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
आवेदन में ग्रामीणों ने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्णय ग्राम सभा की स्वीकृति के बाद ही लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से नियमों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए हरित क्षेत्र को सुरक्षित रखने की मांग की है। कलेक्टर कार्यालय में आवेदन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।









