Home डेली न्यूज़ दबंगों ने जानलेवा हमला कर चार भाईयों को पीटा, लैपटॉप-बाइक तोड़ी और...

दबंगों ने जानलेवा हमला कर चार भाईयों को पीटा, लैपटॉप-बाइक तोड़ी और नकदी लूटी; एसपी से शिकायत

Jeevan Ayurveda


छतरपुर। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम पापटा में दबंगों द्वारा लाठी-डंडों से लैस होकर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मरणासन्न हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीडि़तों ने पुलिस अधीक्षक छतरपुर को शिकायती आवेदन देकर आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने एवं सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है।
एसपी कार्यालय में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 26 जुलाई 2026 की रात लगभग 10 बजे की है। ग्राम पापटा निवासी भागीरथ राजपूत, श्रीराम राजपूत, भज्जू राजपूत और कमलेश राजपूत पर गांव के ही दबंगों रामकिशन, धन्नू, नब्बू, ओमप्रकाश, परमलाल, रामप्रसाद, मनीराम, जगन राजपूत, ठाकुरदास, राम, प्रेमा और अन्य ने एकराय होकर हमला बोल दिया। पीडि़तों का आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से लैस होकर उन्हें घर के अंदर व बाहर घेरकर बेरहमी से पीटा तथा जातिसूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी।
आवेदन में बताया गया है कि दबंगों ने तीनों पीडि़तों भागीरथ, श्रीराम और भज्जू के सिर व शरीर पर 50 से अधिक डंडे मारे, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मरणासन्न स्थिति में पहुंच गए। इस दौरान आरोपियों ने घर में रखा लैपटॉप तोड़ दिया, दरवाजे पर खड़ी चार मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दीं और पीडि़त के पास रखे करीब 1,80,000 रुपये नकदी भी लूट लिए।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को मातगुवां स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। घायलों का इलाज वर्तमान में जिला अस्पताल में चल रहा है। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों पर उचित धाराओं में त्वरित कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे अब भी जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीडि़तों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, लूटे गए सामान व रुपये बरामद कराए जाएं और पीडि़त परिवार को प्राण रक्षा हेतु सुरक्षा प्रदान की जाए

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here