छतरपुर। जिले के खजुराहो थाना क्षेत्र के उदयपुरा गांव में एक आदिवासी मजदूर के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल मजदूर का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पीडि़त ने गांव के चार लोगों पर रंजिशन लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार उदयपुरा निवासी संतोष आदिवासी (30) पिता कनछेदी आदिवासी बुधवार को खेत में टरबारी (बाड़) लगाने का मजदूरी कार्य कर रहा था। इसी दौरान गांव के दिप्पू पटेल, राम प्रसाद पटेल, सुंदर पटेल और सरमन पटेल मौके पर पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उस पर लाठी-डंडों एवं पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीडि़त ने खजुराहो थाना पहुंचकर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पीडि़त परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









