छतरपुर। जिले के किसानों को रवि सीजन में समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रयास रंग ला रहे हैं। शनिवार की रात एनएफएल कंपनी की संयुक्त रैक में 1131.10 मीट्रिक टन डीएपी और 444 मीट्रिक टन टीएसपी खाद छतरपुर के नवनिर्मित रैक पॉइंट पर पहुंची। यह पहली बार है जब छतरपुर रैक प्वाइंट पर खाद की रैक आई है।
रैक पहुंचने के बाद एनएफएल कंपनी के फील्ड ऑफिसर सुनील राठौर ने विधिवत पूजन कर ट्रांसपोर्टर मेसर्स मातादीन तिवारी को मूवमेंट ऑर्डर जारी किया। इसके बाद कृषि विभाग की निगरानी में परिवहन ठेकेदार पंकज तिवारी द्वारा खाद के कट्टों को ट्रकों में लोड कर मार्कफेड गोदामों और सहकारी समितियों तक भेजने का काम शुरू किया गया।
परिवहन कार्य को तेजी से संपन्न करने के लिए ठेकेदार ने आधा सैकड़ा ट्रकों की व्यवस्था की है। अनुमान है कि मंगलवार दोपहर तक रैक से उठाव पूर्ण कर सभी गोदामों और सहकारी समितियों तक खाद पहुंचा दी जाएगी।
मार्कफेड गोदामों तक होगा वितरण
राज्य सहकारी विपणन संघ द्वारा तय योजना के अनुसार, 1131.10 मीट्रिक टन डीएपी खाद का वितरण किया जाएगा। इसमें छतरपुर को 120, हरपालपुर को 30, बिजावर को 30, बड़ामलहरा को 30, बमीठा को 90 और लवकुशनगर भंडारण केंद्र को 120 मीट्रिक टन खाद भेजा जाएगा। इन केंद्रों से जिले की 14 सहकारी समितियों और रैक प्वाइंट से सीधे 10 सहकारी समितियों को खाद वितरित किया जाएगा। साथ ही, 25 प्रतिशत डीएपी व टीएसपी खाद निजी विक्रेताओं को भी उपलब्ध कराई जाएगी।










