छतरपुर। हाल ही में ग्राम गंज के एक हॉस्टल में छात्र की मौत का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक और हैरान करने वाला मामला सामने आ गया है। छतरपुर सटई रोड गौरैया तिराहे पर संचालित द-गुरुकुल एकेडमी हॉस्टल में कक्षा 6वीं के छात्र को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार छात्र जितेंद्र अहिरवार, पुत्र अजुद्दी अहिरवार, तीन बार हॉस्टल से भाग चुका था। परिजनों का कहना है कि हॉस्टल में मूलभूत सुविधाएँ नहीं मिलने के कारण वह बार-बार भागने को मजबूर था। तीसरी बार जब वह भागा तो गौरैया के पास मूंगफली के खेत में छुपा मिला। तभी हॉस्टल संचालक नीलेश पटेल और सुरेंद्र पटेल ने उसे पकड़कर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया। मारपीट के दौरान छात्र के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। पीडि़त के माता-पिता ने आरोप लगाया है कि उन्होंने बेटे की पढ़ाई के लिए 35 हजार रुपए हॉस्टल को दिए थे। यदि बच्चा रहना नहीं चाहता था तो उन्हें सूचित किया जाता, लेकिन संचालकों ने जिस तरह बेरहमी से पीटा वह निंदनीय है। मामला अब सिविल लाइन थाने पहुँच गया है। परिजनों ने हॉस्टल संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हाल ही में गंज के हॉस्टल में छात्र की मौत का मामला सामने आने के बाद अब फिर से हॉस्टल संचालकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।








