
छतरपुर। थाना चंदला अंतर्गत ग्राम देवरी में बीते दिन रात्रि के समय एक पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की जान चली गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार को भी जप्त कर लिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मई की रात ग्राम देवरी में पारिवारिक जमीनी विवाद को लेकर दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना चंदला पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया। वहां चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी महिला की हालत गंभीर बताई गई।पुलिस द्वारा घटनास्थल से एकत्रित साक्ष्य और घायल पीडि़ता के बयान के आधार पर आरोपी की पहचान कल्लू पाल पिता रामचरण पाल, निवासी ग्राम देवरी के रूप में की गई। कल्लू पाल, मृतका का जेठ है और दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 307 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह तोमर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सूझबूझ और तेज कार्रवाई करते हुए आरोपी कल्लू पाल को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदला निरीक्षक उदयवीर सिंह तोमर, सहायक उप निरीक्षक के. एल. वर्मा, प्रधान आरक्षक रामकृपाल, नरेश, आरक्षक मोनू, अमित, ईश्वर, प्रवीण, फूल कुमार, शिवम और छोटेलाल की सराहनीय भूमिका रही।









