
छतरपुर। स्व. पुरन लाल खरया के निधन के बाद उनके परिवार ने नेत्र दान का सहासिक निर्णय लेकर समाज के सामने एक मिसाल पेश की है। इस पुण्य कार्य से दो नेत्रहीन व्यक्तियों को दृष्टि प्राप्त हुई। हनुमान टौरिया सेवा समिति ने इस नेक कार्य के लिए स्व. खरया के परिवार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
हनुमान टौरिया सेवा समिति के गिरजा पाटकर ने बताया कि समिति पिछले 15 वर्षों से नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविरों का आयोजन कर रही है। अब तक 1 लाख 10 हजार लोग इन शिविरों का लाभ ले चुके हैं। समिति के तत्वावधान में सतगुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट के सहयोग से प्रतिमाह शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिसमें 27 मरीजों के मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन किए जा चुके हैं। शनिवार को हनुमान टौरिया पर समाजसेवी राधेलाल असाटी के सहयोग से आयोजित नेत्र शिविर में लगभग 250 लोगों ने नेत्र परीक्षण का लाभ उठाया, जिसमें 40 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। शिविर के साथ ही भंडारे का भी आयोजन किया गया। शिविर में प्रमुख रूप से हरिप्रकाश अग्रवाल, गिरजा पाटकर, प्रकाश जैन, प्रमोद खरे, शंकरलाल सोनी, लखन सोनी, डीसी पाठक उपस्थित रहे।








