
छतरपुर। सत्य, धर्म और आदर्श जीवन मूल्यों के प्रतीक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्म की स्मृति को समर्पित आस्था और श्रद्धा का महापर्व रामनवमी संपूर्ण जिले में धूमधाम और भक्तिभाव से मनाया जाएगा। जिले के तमाम मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन होंगे साथ ही झांकियों के साथ शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। छतरपुर जिला मुख्यालय पर आज श्रीराम सेवा समिति सहित अन्य हिन्दू संगठनों के संयोजन में ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी।श्रीराम सेवा समिति के पंकज पहारिया ने बताया कि प्रात: साढ़े 10 बजे से रामचरित मानस मैदान में भगवान राम के जन्म की लीला का मंचन शुरू होगा, 12 बजे रामजन्म होगा और इसके बाद शोभायात्रा प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की शोभायात्रा में बुन्देली संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। भगवान 10 अवतारों की झांकियां और उनकी लीलाएं शोभायात्रा के दौरान आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। सबसे आगे विघ्नहर्ता श्रीगणेश की झांकी होगी और उनके ठीक पीछे धर्मध्वज चलेगा। प्रताप नवयुवक संघ की लड़कियों द्वारा नृत्य कौशल दिखाया जाएगा, तलवार नृत्य, डमरू नृत्य, मलखंभ की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी। बीच-बीच में अखाड़े भी देखने को मिलेंगे। बुन्देली संस्कृति के अनुरूप मौनिया, बरेदी नृत्य की प्रस्तुती भी देखने को मिलेगी। विभिन्न चौराहों पर मंच बनाए गए हैं, जहां बुन्देली प्रस्तुतियां और महाआरती होगी। श्री पहारिया ने बताया कि इस बार के रथ को भी अनोखा और सुंदर बनाया गया है, जिसमें राम दरबार विराजमान रहेगा। उन्होंने डीजे संचालकों से अपील की है कि वे सिर्फ राम भजनों को ही बजाएं। जो व्यक्ति शोभायात्रा में नशा करके या अवैध हथियार लेकर आएगा उसे पुलिस के निगरानी दल तत्काल गिरफ्तार करेंगे। श्रीराम सेवा समिति ने सभी जिलेवासियों से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है।यह रहेगा शोभायात्रा का रूटशोभा यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर गांधी चौक से होते हुए कोतवाली होकर महल तिराहा से गुजरते हुए छत्रसाल चौराहा आएगी, जहां पन्ना रोड और सागर रोड की झांकियां एकत्रित होगी। छत्रसाल चौराहे से एकत्रित सभी झांकियां आकाशवाणी तिराहे से होते हुए बस स्टैंड तरफ प्रस्थान करेंगी। बस स्टैंड से फव्वारा चौक होते हुए हटवारा बाजार पुन: गांधी चौक से रामलीला मैदान की ओर मुड़ेगी जहां शोभा यात्रा का समापन होगा।







