
छतरपुर। पिछले दिनों उत्तरप्रदेश और उड़ीसा राज्य में भीम आर्मी चीफ एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले के दौरान घायल हुए कार्यकर्ताओं को सुरक्षा मुहैया कराने और मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए गुरुवार की दोपहर में भीम आर्मी की जिला इकाई द्वारा प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया।भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संतोष रैदास ने कहा कि भाजपा के राज में हर दिन सामन्तवादी एवं जातिवादी मानसिकता से ग्रसित आसामाजिक लोगों द्वारा उपद्रव करते हुए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग एवं धार्मिक अल्पसंख्यक समाज के लोगों को परेशान किया जा रहा है। उत्तरप्रदेश की मथुरा जनपद में पिछले 15 दिन के अन्दर तीन स्थानों पर इस तरह की निंदनीय घटनाएं हुई हैं। गत 28 फरवरी को जब भीम आर्मी चीफ एवं आजाद सामाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष नगीना सांसद एडवोकेट चन्द्रशेखर आजाद घटना स्थलों पर पहुंचे तो उनके काफिले पर भी विरोधियों ने सुनियोजित तरीके से पुलिस की मौजूदगी में हमला किया। इसके अलावा 4 मार्च को पार्टी के अधिवेशन में भुवनेश्वर जा रहे चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमला किया गया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि चूंकि उत्तरप्रदेश और उड़ीसा में भाजपा सरकार घटनाओं को रोकने में नाकाम रही है इसलिए ज्ञापन के माध्यम से उक्त दोनों राज्यों में राष्ट्रपति शासन लागू करने, अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और धार्मिक अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार को रोकने और उक्त घटनाओं से प्रभावित हुए परिवारों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गई है।









