
छतरपुर। संगम सेवालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए दीन दयाल रसोई के सामने थ्री आर पार्क का निर्माण किया गया है। इस पार्क का मुख्य उद्देश्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक, पुराने कपड़ों एवं टायरों का पुन: उपयोग कर उनका रचनात्मक तरीके से दोबारा इस्तेमाल करना है, ताकि लोगों को कचरा प्रबंधन व पर्यावरण बचाने का संदेश दिया जा सके।इस पार्क में पुराने टायरों को आकर्षक ढंग से सजाकर उनमें पौधारोपण किया गया है, जिससे न केवल हरियाली बढ़ेगी बल्कि टायरों का सही उपयोग भी सुनिश्चित हुआ है। साथ ही, इको ब्रिक्स (प्लास्टिक बोतलों में भरी गई रद्दी प्लास्टिक) से सुंदर गमले तैयार किए गए हैं, जिनमें विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, प्लास्टिक की पुरानी बोतलों को काटकर उनमें भी पौधे लगाए गए हैं, जो पार्क की सुंदरता को बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं।संगम सेवालय का यह प्रयास न केवल कचरे के पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) का बेहतरीन उदाहरण है, बल्कि लोगों को कचरे को रचनात्मक उपयोग में लाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य भी कर रहा है। आज पौधरोपण के समय विपिन अवस्थी दिल्लाराम अजीरवार,पटेरिया जी,प्रमोद रैकवार,गौतम विश्वकर्मा, और आकाश रैकवार उपस्थित रहे। संगम सेवालय सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें, कचरे का सही प्रबंधन करें और अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण को बचाने में सहयोग करें।








