
अवैध शराब का परिवहन करने वाले 9 वाहनों को किया गया राजसात
छतरपुर। अवैध शराब और खनिज माफियाओं पर अंकुश लगाने की मंशा से जिला प्रशासन द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई है। दरअसल कलेक्टर ने अवैध शराब का परिवहन करने वाले 9 वाहनों को राजसात करते हुए खनिज के अवैध परिवहन और भंडारण में लिप्त 5 लोगों से लगभग 2 लाख की वसूली करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने खनिज का अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वाले 5 लोगों के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा दर्ज किए गए मामलों में प्रतिवेदन के आधार पर कुल 2 लाख 8 हजार 126 रुपए राशि की वसूली करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब का परिवहन करते पकड़े गए 9 वाहनों को राजसात किया गया है। बताया गया है कि यूपी, दिल्ली एवं एमपी नम्बर के इन वाहनों से कुल 942.14 लीटर अवैध शराब बरामद की गई थी। कलेक्टर ने सहायक आबकारी आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि अपील अवधि के बाद जब्तशुदा वाहनों की विधिवत नीलामी कराई जाए और नीलामी में प्राप्त राशि को शासकीय कोष मे जमा कराया जाए।







