
नौगांव। अलीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम टीला में शुक्रवार को डायनामाइट ब्लास्ट होने से एक युवक के हाथ के परखच्चे उड़ गए। टीला निवासी 45 वर्षीय हरनाथ पुत्र मुन्ना ने बताया कि वह कचरे के ढेर में आग लगाने गया था तभी डायनामाइट ब्लास्ट हुआ और वह घायल हो गया। हादसे के बाद हरनाथ को गांव के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव लेकर आए जहां डॉ आदित्य सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि गांव में ऐसी चर्चा है कि हरनाथ मछलियों का शिकार करने के लिए डायनामाइट ब्लास्ट कर रहा था तभी उक्त हादसा हुआ। उल्लेखनीय है कि टीला, गर्रोली और मचा गांव में इससे पहले भी धसान नदी की मछलियों का शिकार करने के लिए डायनामाइट ब्लास्ट किए जाने के दौरान लोगों के घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।







