
छतरपुर। पिपट थाना पुलिस द्वारा बीती रात गश्त के दौरान थाना क्षेत्र में कट्टा लिए घूम रहे युवक को पकड़ा गया है। थाना प्रभारी उप निरीक्षक राहुल तिवारी ने बताया कि गश्त के दौरान ग्राम औरैया में सड़क किनारे कट्टा लिए घूम रहे चंद्रपाल उर्फ सोनू पुत्र बैजनाथ यादव निवासी ग्राम मड़ेलन पुरवा रगौली को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आरोपी द्वारा अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीर भी पोस्ट की गई थी। आरोपी के विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत दो बालिकाओं को पुलिस ने खोजा
पुलिस द्वारा लापता बालिकाओं की खोज हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत चंदला और प्रकाश बम्हौरी थाना पुलिस द्वारा दो बालिकाओं को खोजा गया है। बताया गया है दोनों बालिकाएं वर्ष 2024 में गुम हुई थीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। दोनों बालिकाओं को खोजने के बाद पुलिस ने काउंसलिंग हेतु उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष पहुंचाया है।







