
नौगांव। प्रत्येक मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित की जाने वाली जनसुनवाई पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल महाराजपुर क्षेत्र के ग्राम खिरवा निवासी किसान ने आरोप लगाया है कि वह पिछले दो वर्षों से लगातार जनसुनवाई में आवेदन दे रहा है लेकिन आज तक उसकी सुनवाई नहीं हुई है।आवेदक दुलीचंद अहिरवार निवासी खिरवा ने बताया कि गांव के दसुआ अहिरवार ने उसके स्वामित्व की जमीन पर कब्जा करके मकान बना लिया है। इस संबंध में वह पिछले दो वर्षों से जनसुनवाई और एसडीएम कार्यालय में शिकायतें देते आ रहा है लेकिन आज तक निराकरण नहीं हुआ। दुलीचंद ने जिला प्रशासन को निराकरण न होने की स्थिति में धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। वहीं नौगांव एसडीएम काजल सिंह ने महाराजपुर तहसीलदार को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।







