
लड्डू गोपाल मंदिर में 4 से 11 जनवरी तक चलेगा आयोजन
छतरपुर। वर्ष 2024 के जनवरी माह में अयोध्या के राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी और उसी शुभ मुहूर्त में छतरपुर के लड्डू गोपाल मंदिर में अष्टधातु से निर्मित विश्व की सबसे बड़ी लड्डू गोपाल प्रतिमा की भी प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। प्रतिमा स्थापना का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंदिर समिति द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जो 4 से 11 जनवरी तक चलेगी। श्रीराम सेवा समिति के संयोजक तथा लड्डू गोपाल मंदिर समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि 4 जनवरी को शहर के नरसिंह मंदिर से लड्डू गोपाल मंदिर तक विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा के बाद लड्डू गोपाल मंदिर में 7 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। कथाव्यास के रूप में ओमप्रकाश आचार्य भक्तप्रेमियों को कथा का रसपान कराएंगे। 11 जनवरी को विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा। उन्होंने शहरवासियों से धार्मिक आयोजन में शामिल होने तथा व्यवस्थाओं में सहयोग कर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है।









