
घर से व्यवस्था कर अस्पताल पहुंच रहे मरीज
छतरपुर। जिले में हल्की बारिश होने के बाद सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है लेकिन जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को अस्पताल प्रबंधन द्वारा कंबल उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। रविवार को जिला अस्पताल के प्रसूती वार्ड सहित अन्य किसी भी वार्ड में मरीजों के पास कंबल नहीं मिले। मरीजों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा न तो कंबल उपलब्ध कराए गए हैं और न ही बेडशीट। जो मरीज दूर-दराज के इलाकों से इलाज कराने आए, उन्हें मजबूरन बाजार से कंबल खरीदने पड़े। वहीं जिन लोगों के घर अथवा रिश्तेदार आसपास थे, उन्होंने घरों से व्यवस्था जुटाई।
जिला अस्पताल में अपनी बहू का प्रसव कराने आई एक अधेड़ महिला ने बताया कि अस्पताल में सर्दी से बचाव के लिए कंबल आदि की सुविधा नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने अपने घर से कंबल, चादर आदि मंगवाए हैं। इसी तरह चंदला निवासी एक अन्य महिला ने बताया कि वह स्वयं का इलाज कराने जिला अस्पताल आई थी। जब अस्पताल में कंबल आदि नहीं मिला तो उसने अपने रिश्तेदार के घर से कंबल मंगवाया है। अस्पताल के अन्य वार्डों में भर्ती दर्जनों मरीजों ने कंबल न मिलने की समस्या बताई। जब इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. जीएल अहिरवार से बात की गई तो उनका कहना था कि अभी कम मात्रा में मरीज अस्पताल आ रहे हैं, जिस कारण से कंबलों की कमी नहीं है। सभी मरीजों को कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका द्वारा अस्पताल परिसर में अलाव जलवाने की बात भी कही।








