
छतरपुर। आगामी 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जिले के खजुराहो में आगमन की संभावना है, जिसके चलते जिले का पुलिस अमला तैयारियों में लगा हुआ है। बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संभवत: 25 दिसंबर को खजुराहो में भारत की पहली नदी जोड़ो परियोजना (केन-बेतवा लिंक) के तहत बनने वाले ढोडऩ बांध की आधारशिला रखेंगे। साथ ही एक आमसभा को भी संबोधित किया जाएगा।प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में पुलिस और कलेक्टर के निर्देशन में प्रशासनिक अधिकारी आयोजन के लिए निर्धारित स्थान और खजुराहो विमानतल पर तैयारियां करने में जुटे हुए हैं। गत रोज राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, क्षेत्रीय विधायक अरविन्द पटैरिया सहित कलेक्टर पार्थ जायसवाल, एसपी अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ तपस्या सिंह परिहार, राजनगर एसडीएम बलवीर रमन ने खजुराहो मेला ग्राउंड का निरीक्षण किया है। उल्लेखनीय है कि 44 हज़ार 605 करोड़ की अनुमानित बजट राशि से केन-बेतवा लिंक परियोजना को वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है, जिसे छतरपुर के जनप्रतिनिधियों ने बुंदेलखंड के लिए एक बड़ी सौगात बताई है।








