
अधिकारियों से मिल रहा सिर्फ आश्वासन
घुवारा। इन दिनों छतरपुर जिला भीषण सर्दी की चपेट में है, तापमान लगातार गिर रहा है और लोगों को घरों के भीतर भी चैन नहीं है। ऐसे में सिस्टम की मार झेल रहा एक निर्धन परिवार पेड़ के नीचे सर्द रातें काटने को मजबूर है। मामला है घुवारा तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम अमरवां का, जहां का रहने वाला रामलाल अहिरवार इन दिनों बेहद परेशान है।रामलाल अहिरवार ने बताया कि वह अपने ही परिवार के लोगों से प्रताड़ित है और लगातार तहसील और थाने के चक्कर लगा रहा है लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही। रामलाल के मुताबिक पटवारी के पास जाने पर कहा जाता है कि उन्होंने तहसील में प्रतिवेदन भेज दिया है लेकिन तहसील मे उसके प्रतिवेदन पर कार्रवाई नहीं हुई है। रामलाल ने बताया कि परिवार के लोगों ने बुराई के चलते उसका घर तोड़ दिया है और वह बेघर हो गया है, जिसके चलते कड़कड़ाती ठंड में वह पेड के नीचे जीवन यापन कर रहा है। रामलाल ने यह भी कहा कि उसे अथवा उसके परिवार को कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदार बमनौरा थाना पुलिस होगी क्योंकि बमनौरा पुलिस ने भी उसके आवेदन पर कार्रवाई नहीं की, उल्टा उसके साथ गाली-गलौज कर उसे भाग दिया था। बहरहाल इस संबंध में जब तहसीलदार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हल्का पटवारी को आवेदन भेज दिया गया है। वहीं बमनौरा थाना प्रभारी मनोज गोयल ने कहा कि दोनों परिवारों को बुलाया गया है, प्रकरण में आपसी समझौता कराया जायेगा।









