
विधायक के आरोपों पर सांसद प्रतिनिधि का जवाब
छतरपुर। जिले की भाजपा में कुछ दिनों से कलह की स्थिति बनी हुई है जो थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार की दोपहर केन्द्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार के समर्थन में सांसद प्रतिनिधियों ने जिला मुख्यालय पर एक निजी होटल में प्रेसवार्ता का आयोजन किया जिसमें उन्होंने छतरपुर विधायक पर आरोप लगाए हैं। इस पत्रकारवार्ता में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के सांसद प्रतिनिधि रवि त्रिपाठी, आदिम जाति कल्याण विभाग के सांसद प्रतिनिधि रामप्रसाद यादव, उद्यानिकी विभाग के सांसद प्रतिनिधि यादवेन्द्र सिंह उर्फ राजू राजा मौजूद रहे।सांसद प्रतिनिधि रवि त्रिपाठी ने बताया कि छतरपुर विधायक ललिता यादव ने मेरा नाम लिया है कि रवि त्रिपाठी कांग्रेस के एजेंट रहे हैं उनको प्रतिनिधि बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मैंने विद्यार्थी परिषद से अपनी राजनीति शुरू की थी मैं महाराजा कॉलेज छात्र संघ का अध्यक्ष रहा, युवा मोर्चा का जिला मंत्री रहा, किसान मोर्चा में वर्तमान में जिला मंत्री हूं। मैने कुछ विशेष कारणों से पार्टी छोड़ी थी। श्री त्रिपाठी ने कहा कि सांसद वीडी शर्मा ने मुझे समझाया और इसके बाद मैंने फिर से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद सांसद वीरेन्द्र कुमार ने मुझे सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि मैंने खुलेआम पार्टी छोड़ी थी और मैं कांग्रेस का नहीं निर्दलीय उम्मीदवार का गणना एजेंट रहा था। पार्टी छोडऩे के बाद मैं कांग्रेस पार्टी में शामिल हुआ था। इसके बाद अब मैं फिर से भाजपा में शामिल हो गया हूं। उन्होंने कहा कि मुझे पता नहीं की छतरपुर विधायक मेरा क्यों विरोध कर रही हैं अगर मैं शराबी और जुआरी होता तो शायद वे विरोध नहीं करतीं। श्री त्रिपाठी ने कहा कि कई लोग कांग्रेस से आए और मंत्री बने, वर्तमान में सिंधिया कांग्रेस से आए और मंत्री बने क्या उनका भी विरोध करेंगी। क्या वे पार्टी के निर्णय का विरोध करेंगी।









