
पीडि़त युवक ने एसपी को सुनाई फरियाद
छतरपुर। मंगलवार को लुगासी चौकी क्षेत्र के ग्राम धीरजपुर निवासी युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देते हुए बताया कि उसकी पिता की हत्या करने वाले आरोपी खुलेआम गांव में घूमकर उसके ऊपर राजीनामा का दबाव बना रहे हैं और बात न मानने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।धीरजपुर निवासी शैलेंद्र यादव ने बताया कि गत 13 जुलाई को गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर उसके पिता शंकर लाल यादव की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पिता की हत्या में शामिल आरोपी विशेष यादव, रोहित यादव, कल्लू यादव, रामलाल यादव और देशराज यादव को पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है, जिसके चलते आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं। साथ ही उक्त आरोपियों द्वारा शैलेन्द्र सहित उसके परिवार के ऊपर प्रकरण में राजीनामा करने का दबाव भी बनाया जा रहा है। लगातार मिल रही धमकियों से शैलेन्द्र का परिवार दहशत में है। अधिकारियों को आवेदन देकर शैलेन्द्र ने फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कराए जाने की मांग की है।









