
जन्माष्टमी पर्व पर हरपालपुर की जय श्री राधे कृष्णा सेवा समिति द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के नारायण आश्रम छोटी कुटी से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए हरिहर आश्रम बड़ी कुटी तक गई, जहां पूजा-अर्चना और आरती के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। शोभायात्रा में हाथी-घोड़े, पालकी, रथ पर सवार राधा-कृष्ण की झांकी और बुंदेली मौनिया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा में शामिल सभी झांकियां मनमोहक थीं। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर पूरे नगर में उत्साह का माहौल रहा। शोभायात्रा में श्री राधे कृष्ण सेवा समिति के सभी सदस्यों के अलावा नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए धर्मप्रेमी लोग शामिल हुए।महाराजपुर में हुई मटकी फोड़ प्रतियोगितामहाराजपुर नगर में मंगलवार को नगर की श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता से पहले नगर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई, इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे नगर के बस स्टैंड पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। गणेश वंदना और भगवान श्री कृष्ण की आरती के बाद रैली प्रारंभ हुई थी, जो नगर भ्रमण के बाद बस स्टैंड पहुंची। शोभायात्रा के दौरान कई स्थानों पर नगर वासियों ने भी दही-पंजीरी की मटकी बांधी थी, जिन्हें ग्वाल-बालों की टोली ने फोड़ा, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार मिले। कई स्थानों पर शोभायात्रा का जलपान कराकर स्वागत भी किया गया। शोभायात्रा में समिति के सदस्य राहुल चौरसिया, शिवम शिब्बू चौरसिया, आकाश ठेकेदार, दीपक चौरसिया, शिवम मोबाइल वाले, उपकार चौरसिया, राज खड्डी चौरसिया, निकेत चौरसिया, दीपक, कल्लू, रमाकांत सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति ने बताया कि पिछले दो दशकों से वे नगर में हर वर्ष जन्माष्टमी पर्व के अगले दिन मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन करते आ रहे हैं।







