
कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचा पीडि़त उपयंत्री, पुलिस ने दर्ज किया गुंडागर्दी का मामला
छतरपुर। अक्सर विवादों में रहने वाले बिजावर के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राममनोहर तिवारी पर एक बार फिर जनपद के उपयंत्री के दफ्तर में घुसकर उसे धमकाने और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। उपयंत्री की शिकायत पर राममनोहर तिवारी के विरुद्ध बिजावर थाना में गुंडागर्दी का मामला दर्ज किया गया है।जनपद पंचायत बिजावर में पदस्थ उपयंत्री ओपी द्विवेदी के मुताबिक पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राममनोहर तिवारी की मां जनपद अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। उपयंत्री ओपी द्विवेदी ने बताया कि राममनोहर तिवारी अपनी ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों का नियम विरुद्ध तरीके से टीएस करने का दबाव उनके ऊपर बना रहा था। जब उपयंत्री ने टीएस करना अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर होने की बात कही तो राममनोहर तिवारी नाराज हो गया और दफ्तर में घुसकर उसके साथ मारपीट कर धमकी दी। घटना के बाद उपयंत्री ओपी द्विवेदी अपने साथी कर्मचारियों के साथ बिजावर थाना पहुंचे, जहां उनकी शिकायत पर राममनोहर तिवारी के विरुद्ध गुंडागर्दी का मामला दर्ज किया गया है।









