
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के लगभग 8 ग्रामों के लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी को आवेदन देते हुए ग्राम सीलोन में स्थित चौकी को यथावत रखने की मांग की है।ग्रामीणों ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि सीलोन में पुलिस चौकी की स्थापना 1981 में उस समय की गई थी जब लोकपाल सिंह द्वारा सात हत्याएं की गई थीं। चौकी की स्थापना तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के आदेश से की गई थी। इस चौकी से ग्राम सीलोन, कावर, करोंदया, भुसार, मझोटा, खरयानी, रनगुवां बरद्वाहा, गंगवाहा के निवासियों को सुरक्षा प्रदान होती है। यदि उपरोक्त चौकी का स्थानांतरण कर दिया गया तो इन गांव के ग्रामीण अपने आपको असुरक्षित महसूस करेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि सीलोन जंगली इलाका है यहां आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के कारण पुलिस चौकी से ग्रामीणों को सुरक्षा मिलती है। ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान में केन-बेतवा लिंक डेम बन रहा है जिससे यहां बड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आना-जाना बना रहता है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ग्रामीणों की सुरक्षा के चलते चौकी के स्थानांतरण को रोका जाए। इस अवसर पर दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।









