
हरपालपुर। कृषि उपज मंडी समिति कार्यालय में बुधवार को तुलावटी दर समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसमें महाराजपुर विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, जनपद अध्यक्ष हेमलता पाठक, शशिकांत शुक्ला जिला पंचायत कृषि समिति अध्यक्ष, तहसीलदार भारसाधक संदीप तिवारी, मंडी गोलेलाल आदिवासी और मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश साहू मौजूद रहे।बैठक में निर्णय लिया गया कि तुलावटी दर पूर्व भांति 40 पैसे प्रति सैकड़ा है उसी दर पर व्यापारियों द्वारा भुगतान किया जाएगा। बैठक में विधायक कामाख्या सिंह ने कहा कि व्यापारियों एवं तुलावटियों के संघ के अध्यक्ष को अगली बैठक में बुलाया जाए जिससे तुलावटी मजदूरी दर आपसी सहमति बनाई जा सके।गौरतलब है कि मंडी में कुछ व्यापारियों द्वारा तुलावटियों को उनकी मजदूरी का दर के हिसाब से भुगतान नहीं किया जाता हैं साथ ही दरों को लेकर आये दिन व्यापारियों एवं तुलावटियों को में विवाद की स्थिति बनती है। बीते वर्ष इसी विवाद के चलते कई दिनों तक मंडी बंद रही। कभी तुलावटियों ने मंडी में काम का बहिष्कार किया तो कभी व्यापारियों द्वारा हड़ताल पर चले जाने से कृषि उपज मंडी का काम प्रभावित हुआ जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने अन्य मंडियों में जाना पड़ा।







