
पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ शिविर का समापन
छतरपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर छतरपुर के पुलिस लाइन परिसर में पुलिस परिवार के बच्चों हेतु आयोजित किए गए ग्रीष्मकालीन शिविर का बीती शाम पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में समापन हुआ। समापन समारोह में शिविर के प्रतिभागी बच्चों द्वारा पिछले एक माह में मिले प्रशिक्षण से सीखी गई गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और कोच को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।समापन समारोह में उपस्थित रहे पुलिस उपमहानिरीक्षक छतरपुर रेंज ललित शाक्यवार, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह ने बच्चों द्वारा किए गए प्रदर्शन को सराहा एवं उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया। उल्लेखनीय है कि समर कैंप में सम्मिलित दो सैकड़ा प्रतिभागियों को एक माह तक खेलकूद में राजकीय खेल मलखंब, वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, तैराकी शूटिंग एवं लॉन टेनिस, शिक्षा, संगीत, सांस्कृतिक नृत्य, के साथ-साथ अन्य क्रियाकलापों जैसे मेहंदी, सिलाई, कढ़ाई वाद्य यंत्रों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट, जूडो कराटे का भी प्रशिक्षण भी दिया गया है। रक्षित निरीक्षक पूर्णिमा मिश्रा द्वारा प्रतिभागियों के आवागमन हेतु उनके आवासीय परिसर से प्रशिक्षण स्थल तक वाहनों की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई गई। शिविर में प्रतिभागियों के लिए पौष्टिक आहार जैसे अंकुरित चने, सोयाबीन, मूंग एवं विभिन्न प्रकार के आवश्यक पौष्टिक आहार की व्यवस्था के साथ-साथ प्राथमिक उपचार किट, चिकित्सा संसाधन एवं ग्रीष्म मौसम को दृष्टिगत रखते हुए ग्लूकोज, नींबू पानी पुदीना की भी व्यवस्था रही। समर कैंप में अत्यधिक मात्रा में वृक्षारोपण कर उनके महत्व, उपयोगिता व संरक्षण विषय पर चर्चा हुई।









