
मवई हत्याकाण्ड का पुलिस ने किया खुलासा
छतरपुर। बमनौरा थाना क्षेत्र में 4 दिन पहले एक युवक की संदिग्ध अवस्था में रक्तरंजित लाश मिली थी जिस पर परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का संदेह जाहिर किया था। चूंकि पुलिस को भी यह मामला हत्या का ही प्रतीत हो रहा था इसलिए पुलिस ने इसी दिशा में जांच की और चार दिन के भीतर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। हत्या की वजह चौंकाने वाली सामने आयी है। बताया गया है कि करीब दो सप्ताह पहले एक सड़क दुर्घटना में हत्यारोपी के बेटे की मौत हो गई थी और उस दुर्घटना के वक्त मृतक हत्यारोपी के बेटे के साथ बाईक पर मौजूद था।थाना प्रभारी बमनोरा उप निरीक्षक मनोज गोयल ने बताया कि मृतक सुरेन्द्र सेन निवासी ग्राम मवई की 23 मई को उसके घर के पास खून से लथपथ लाश मिली थी। घटना स्थल पर मिले साक्ष्यों और मृतक के परिजनों के कथन लेकर हत्या की दिशा में मामले की विवेचना की गई। पड़ताल के दौरान गांव के ही रहने वाले राजेन्द्र सिंह परमार का नाम बतौर संदेही सामने आया। राजेन्द्र सिंह को अभिरक्षा में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो उसने सुरेन्द्र सेन की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उसके बेटे की मृत्यु थाना शाहगढ़ जिला सागर में सड़क दुर्घटना के दौरान हुई थी और उस समय वाहन में उसके लड़के के साथ सुरेंद्र सेन भी था। उसके दिमाग में यह बात घर कर गयी थी कि दुर्घटना में सिर्फ उसके बेटे की मौत क्यों हुई। इसी बात के चलते आरोपी राजेंद्र सिंह ने सुरेंद्र सेन को फावड़ा मारकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस टीम द्वारा आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त फावड़ा जप्त किया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बमनोरा, उप निरीक्षक मनोज गोयल, उपनिरीक्षक राजेश तिवारी चौकी प्रभारी राम टोरिया, सहायक उप निरीक्षक सुनील सिंह, आरक्षक अनिल, आरक्षक राजेश, आरक्षक राजीव की मुख्य भूमिका रही।









