
कल धूमधाम से मनाया जाएगा भगवान नरसिंह का प्रकटोत्सव
छतरपुर। कल यानि की 22 मई को पूरे देश में भगवान नरसिंह का प्रकटोत्सव मनाया जाना है, जिसको लेकर विभिन्न मंदिरों में एक दिन पहले से ही धार्मिक कार्यक्रम शुरु हो गए हैं। छतरपुर शहर के पन्ना रोड पर स्थित नरसिंह मंदिर में 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ कराया जा रहा है, जिसकी बैठकी मंगलवार को प्रात:काल में हुई। कल मंदिर में धूम-धाम से भगवान नरसिंह का प्रकटोत्सव मनाया जाएगा।मंदिर समिति के पं. रविकांत मिश्रा ने बताया कि नरसिंह मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान नरसिंह का प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया जाना है। इस वर्ष आयोजन के तहत 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ भी मंदिर में कराया जा रहा है जिसका शुभारंभ मंगलवार को हुआ। कल अखंड रामायण पाठ विश्राम के साथ मंदिर में भगवान नरसिंह का अभिषेक, शोभायात्रा, हवन-पूजन और विशाल भंडारे का कार्यक्रम होगा। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमियों से इस भव्य आयेाजन में शामिल होकर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है।








