
पेड़ से हुई टक्कर, सड़वा के समीप की घटना
बड़ामलहरा। बड़ामलहरा क्षेत्र के ग्राम सड़वा के समीप रविवार की रात एक ट्रक चालक को आई नींद के कारण बड़ा हादसा घटित हो गया जिससे चालक की दर्दनाक मौत हो गई। आंध्रप्रदेश से बरेली की ओर जा रहा यह ट्रक चालक की झपकी के कारण अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया था। इस हादसे में दो लोग घायल भी हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक रविवार की रात बड़ामलहरा से 11 किमी दूर ग्राम सड़वा के समीप पप्पू ढाबा के सामने से गुजर रहा एक ट्रक पेड़ से जा टकराया। ट्रक को 35 वर्षीय ड्राईवर हसीन खान चला रहा था जो कि अपने दो सहायकों 25 वर्षीय शाहरूख एवं सहवाग खान के साथ ट्रक में मछली लादकर आंध्रप्रदेश से यूपी के बरेली जा रहा था। हादसा इतना खतरनाक था कि मौके पर ही हसीन खान की मौत हो गई जबकि दोनों सहायक घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक मालिक ने दूसरा ट्रक मौके पर भेजा और माल को खाली कराया तब जाकर लगभग 18 घंटे बाद मृतक ट्रक चालक का शव बाहर निकाला जा सका। घायलों को बड़ामलहरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर बीएमओ डॉ. केपी बामोरिया ने मृतक का शव परीक्षण कर परिजनों को सौंप दिया।








