
एस.डी.एम.राजनगर ने मौके पर जाकर किसानों को दिलाया भरोसा, 14 मई से होगी खरीद
खजुराहो। राजनगर क्षेत्र के किसान पिछले 4-5 दिनों से सरसों की उपज लेकर राजनगर कृषि उपज मंडी परिसर में पड़े हुए हैं, कारण किसानों के सरसों की नहीं हो रही खरीद। राजनगर के अंतर्गत सेवा सहकारी समिति मर्या. ललपुर के कृषि उपज मंडी परिसर स्थित सरसों खरीदी केन्द्र पर आए दर्जनों किसानों ने बताया कि वे लोग पिछले 4-5 दिनों से अपनी सरसों की उपज बेचने हेतु खरीदी केन्द्र पर अपने वाहनों सहित पड़े हैं, यहां पर उन्हें रोजाना बताया जाता है कि कल सरसों खरीदी होगी लेकिन आज दिनांक की दोपहर तक किसानों की उपज नहीं खरीदी गई, साथ ही किसानों को केन्द्र पर कोई सुविधा भी नहीं मिल रही और कोई सुनने वाला नहीं है। उक्त जानकारी मिलने पर राजनगर एस.डी.एम.(आई.ए.एस.) प्रखर सिंह, तहसीलदार धीरज गौतम के साथ खरीदी केंद्र पहुंचे और किसानों को भरोसा दिलाया कि 14 मई से सरसों की खरीदी होनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधक तथा केंद्र प्रभारी को खरीद प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। वहीं खरीद केन्द्र वालों का कहना है कि इतनी अधिक मात्रा में सरसों लेकर लोग आए हैं तो समय लगेगा लेकिन सभी की उपज खरीदी जाएगी।









