
सोशल रिफॉर्म वाय चौरसिया ग्रुप ने आयोजित किया कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम
छतरपुर। यूपीएसपी की परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस बने शहर के होनहार युवा प्रज्ज्वल चौरसिया ने रविवार को शहर के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष कक्षा-12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को कॅरियर से संबंधित टिप्स दिए। उक्त कार्यक्रम सोशल रिफॉर्म वाय चौरसिया ग्रुप द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें बतौर अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया मंचासीन रहीं।आयोजन समिति के सदस्य और केन्द्रीय विद्यालय के शिक्षक नीरज चौरसिया, हरगोविंद चौरसिया आदि ने बताया कि कलेक्टर संदीप जी और और पुलिस अधीक्षक अगम जैन की मंशानुसार इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि चूंकि कक्षा-12वीं के बाद ज्यादातर विद्यार्थियों को अपने लिए कॅरियर क्षेत्र का चयन करने के लिए मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है इसलिए कलेक्टर, एसपी की मंशानुसार हाल ही में आईएएस बने प्रज्ज्वल चौरसिया से बच्चों को मार्गदर्शन दिलाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।निरंतर अभ्यास करने से ही मिलती है सफलता: आईएएस प्रज्जवलकॅरियर काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवा छात्र-छात्राओं ने आईएएस प्रज्ज्वल चौरसिया से अपने कॅरियर को लेकर तमाम तरह के सवाल किए जिनका प्रज्ज्वल चौरसिया ने संतोषजनक जवाब दिया। आईएएस की तैयारी करने वाले बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए प्रज्ज्वल चौरसिया ने बताया कि यूपीएसपी की परीक्षा में सबसे कठिन मेन्स होता है, क्योंकि इसमें आने वाले 20 प्रश्नों के उत्तर लिखने के लिए हमें 3 घंटे का समय मिलता है और इन 20 प्रश्नों में से 10 के जवाब 150 शब्दों में तथा शेष 10 के जवाब 250 शब्दों में लिखना होते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे में अगर यह जवाब हम किताब से देखकर भी लिखें तब भी 3 घंटे में सभी जवाब नहीं लिख पाते। उन्होंने बताया कि इसके लिए हमें निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद ही इसका अभ्यास शुरु कर दिया था और जब तक उत्तीर्ण नहीं हुए तब तक अभ्यास जारी रखा। यूपीएसी के अलावा अन्य क्षेत्रों में जाने की चाह रखने वाले विद्यार्थियों को भी प्रज्ज्वल चौरसिया ने मार्गदर्शन दिया।









