
अक्षय तृतीया पर दो जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
छतरपुर। शुक्रवार को अक्षय तृतीया पर संगम सेवालय के द्वारा 2 कन्याओं का विवाह करवाया गया। शहर के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक ललिता यादव मुख्य अतिथि और नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया विशिष्ट अतिथी के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में एसडीएम अखिल राठौर, गोविन्द असाटी, ज्योति प्रकाश शुक्ला, डीडी तिवारी, सुनील असाटी लालचंद्र लालवानी, शंकरलाल सोनी, अनिल अग्रवाल, आंनद अग्रवाल, प्रकाश जैन, रफत खान, दीपू चतुर्वेदी, प्रमोद खरे, दिल्लाराम अहिरवार, नीतू सिंह के साथ शहर के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान किया। विधायक ललिता यादव ने कहा कि यह एक गर्व का क्षण है जो हमारे समाज की सद्भावना और समृद्धि को प्रकट करता है। हम संगम सेवालय के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने इस समारोह को संचालित किया और इस खास पल को समृद्धि से सम्पन्न बनाया। कलेक्टर संदीप जीआर ने वर वधू को दूरभाष पर शादी की शुभकामनाएं दीं। संगम सेवालय की संचालिका अंजू अवस्थी ने बताया कि हमारे द्वारा हर वर्ष 2 कन्याओं की शादी कराई जाती है। इस वर्ष विनीता संग मुकेश और शिवानी संग राहुल को परिणय सूत्र में बांधने का कार्य किया गया है। हमारा उद्देश्य समाज की इन कन्याओं को एक सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाकर उनका कन्यादान करवाना है जिससे वे अपनी जिंदगी आसानी से गुजार सकें।









