
वाहन चालकों से की गई वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील
छतरपुर। रामनवमी पर शहर में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर रामभक्तों के साथ पुलिस और प्रशासन भी तैयारियों में जुटा हुआ है। शनिवार को यातायात प्रभारी वृहस्पति साकेत ने रामनवमीं शोभायात्रा के लिए रूट मैप जारी करते हुए वाहन चालकों से अपील की है कि रामनवमी यानि कि बुधवार 17 अप्रैल को वे शोभायात्रा के लिए निर्धारित किए गए मार्ग का इस्तेमाल करने की बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। यातायात प्रभारी वृहस्पति साकेत ने बताया कि रामनवमी शोभा यात्रा रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर गांधी चौक से होते हुए कोतवाली होकर महल तिराहा से गुजरते हुए छत्रसाल चौराहा आएगी, जहां पन्ना और सागर रोड की झांकियां मुख्य शोभायात्रा में शामिल होंगी। तदुपरांत शोभायात्रा आकाशवाणी तिराहे से होते हुए बस स्टैंड की ओर प्रस्थान करेगी और बस स्टैंड से फव्वारा चौक होते हुए हटवारा बाजार, गांधी चौक से पुन: रामलीला मैदान पहुंचकर शोभायात्रा संपन्न होगी। इस दौरान दोपहर 1 बजे से रात्रि 10 बजे तक यह मार्ग अवरुद्ध रहेगा। उन्होंने आम जनमानस से अपील की है कि शोभायात्रा के दौरान उक्त मार्ग को छोड़कर अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग किया जाए, ताकि चालक असुविधा से बच सकें। वहीं भारी वाहनों का छतरपुर नगर में सुबह 10 से शोभायात्रा समापन तक प्रवेश वर्जित रहेगा। शोभा यात्रा में सम्मिलित समिति एवं सदस्यों, नगर वासियों से अनुरोध किया गया है कि शोभायात्रा के दौरान आकस्मिक सेवा जैसे एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन एवं उपचार हेतु जाने वालों को निकलने में सहयोग करें।







