Home छतरपुर बस स्टेण्ड पर फायरिंग करने वालों का पुलिस ने जुलूस निकाला

बस स्टेण्ड पर फायरिंग करने वालों का पुलिस ने जुलूस निकाला

Jeevan Ayurveda

एसपी ने दी चेतावनी, तमंचेबाजों पर होगी कड़ी कार्यवाही
छतरपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर के बस स्टैंड पर सोमवार की देर शाम एक बार फिर बस कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हवाई फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने हवाई फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर कुल 6 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है, जिनमें से 3 गिरफ्तार हो चुके हैं और शेष की तलाश जारी है। मंगलवार की शाम को पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने मीडिया से बात करते हुए यह चेतावनी भी दी कि जल्द ही ऐसे तमंचेबाजों और बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी। बस स्टेण्ड पर बगैर परमिट के चल रहे यात्री बसों के संचालन की जांच भी कराई जाएगी।
मोहम्मद रियाज मंसूरी पिता मोहम्मद नजीर मंसूरी, उम्र 34 वर्ष, निवासी मनिहारी मोहल्ला छतरपुर ने बताया कि वह विगत शाम के करीब 6 अपने दिल्ली ट्रैवल्स बस के ऑफिस के बाहर बैठा था तभी ऑफिस के सामने रोड पर एक डीलक्स मोटरसाईकिल रुकी जिस पर पीयूष पुत्र महेश वर्मा, उम्र 18 वर्ष, निवासी टौरिया मोहल्ला, गौतम पुत्र रामभोले उर्फ नरेन्द्र पटेल उम्र 19 वर्ष निवासी विश्वनाथ कालोनी और एक 17 वर्षीय नाबालिग सवार था। तीनों ने बस बुकिंग की बात को लेकर रियाज को गालियां देना शुरु कर दिया। इसी बीच एक स्कूटी आई जिस पर यश पुत्र रामेश्वर यादव, निवासी विश्वनाथ कालोनी, तौसीफ उर्फ जुल्फी पुत्र निसार खान, निवासी टौरिया मोहल्ला और मास्टर उर्फ संदीप पुत्र सुम्मेरा मलिक, निवासी नई बस्ती टौरिया मोहल्ला सवार था। जब रियाज ने उन्हें गालियां देने से मना किया तो तौशीफ खान ने कट्टे निकालकर फायर कर दिया। कट्टे की गोली रियाज के बगल से निकल गई। जब आरोपी भागने लगे तो मौके पर मौजूद संदीप रैकवार और अमित खटीक ने पीयूष वर्मा, गौतम पटेल और उसके नाबालिग साथी को पकड़ लिया, जबकि अन्य तीन भाग गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, पकड़े गए लड़कों को अपने साथ थाने ले गई। रात करीब 9 बजे कोतवाली थाना में 6 नामजद अरोपियों पर धारा 307, 294, 34 आईपीसी के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा, खाली कारतूस और हीरो सी.डी. डीलक्स मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 16 एमजी 9662 जप्त की है। साथ ही फरार आरोपियों कि शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम उद्घोषित किया गया है। मंगलवार की शाम को पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
इनका कहना
बस स्टैंड पर दिल्ली की बस बुकिंग को लेकर हुए विवाद में हवाई फायरिंग हुई है। 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरियादी की शिकायत पर 6 आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
अरविंद कुजूर, थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here