
5 दिनों से दहशत में थे ग्रामीण, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
खजुराहो। नगर के समीपी ग्राम बेनीगंज के ग्रामीण पिछले लगभग 5 दिनों से एक तेंदुए की दहशत में जी रहे थे। गांव में तेंदुए की चहल कदमी और जानवरों के शिकार के कारण लोग घर से निकलने में भी डर रहे थे। ग्रामीण कई बार वन विभाग को सूचना दे चुके थे लेकिन वन विभाग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई। मंगलवार की सुबह उक्त तेंदुआ गांव के एक कुंए में गिर गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पन्ना से आई रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को कुंए से बाहर निकालकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। बेनीगंज के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 5 दिनों से गांव में तेंदुए की चहल कदमी थी, जिस कारण से पूरा गांव में दहशत था। तेंदुए ने लोगों के कई पालतू जानवरों को अपना शिकार बना लिया था इसलिए दहशत और अधिक बढ़ गई थी। मंगलवार की सुबह तेंदुआ गांव के एक कुंए में गिर गया, जिसके बाद वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 5 दिनों में तेंदुए ने कई पालतू जानवरों का शिकार किया है, जिससे लोगों को काफी हानी हुई है। पहले दिन से ही वन विभाग को तेंदुआ होने की सूचना दी जा रही थी लेकिन वन विभाग ने कोई कार्यवाही नहीं की। गनीमत रही कि तेंदुए ने किसी इंसान को अपना शिकार नहीं बनाया। ग्रामीणों में वन विभाग द्वारा की गई लापरवाही को लेकर काफी नाराजगी है, लेकिन तेंदुए के पकड़े जाने के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।








