
खजुराहो। पर्यटन नगरी में सोमवती अमावस्या के मौके पर मतंगेश्वर मंदिर में श्रृद्धालुओं की अपार भीड़ देखने को मिली। दर्शन के पूर्व हजारों श्रद्धालुओं ने शिवसागर तालाब में डुबकी लगाई और इसके बाद भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सोमवती अमावस्या होने के कारण सुबह 4 बजे से ही भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिन भर मतंगेश्वर मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। सोमवती अमावस्या होने के कारण बुंदेलखंड अंचल सहित दूर-दराज के शिवभक्त भी खजुराहो पहुंचे। जिन्होंने जलाभिषेक के साथ-साथ भगवान शिव को जल और बेलपत्र चढ़ाकर खुशहाली की कामना की। ग्रामीण क्षेत्रो की महिलाएं और पुरुष लमटेरा गाते हुए मंदिर पहुंचे थे, जो कि आकर्षण का केन्द्र रहे। मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ होने के चलते प्रशासनिक व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई। वहीं दूसरी ओर सोमवती अमावस्या होने के चलते मन्दिर परिसर में हजारों महिलाओं ने वट-वृक्ष की परिक्रमा भी लगाई।








